रहली से सागर तक 43 किमी स्केटिंग कर सौंपा ज्ञापन, डॉ. हरीसिंह गौर को भारत रत्न देने की मांग !

Spread the love

सागर/रहली। दानवीर डॉ. हरीसिंह गौर को भारत रत्न की उपाधि देने की मांग को लेकर श्री देव सीताराम स्केट एसोसिएशन के 40 स्केटरों ने अनूठी पहल की। स्केटरों ने रहली से सागर तक 43 किलोमीटर की दूरी स्केटिंग करते हुए तय की और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

यात्रा की शुरुआत रहली में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ की गई। इस दौरान स्केटरों ने हाथों में तिरंगा झंडा लेकर प्रतिमा के चारों ओर स्केटिंग कर देशभक्ति का संदेश दिया। इसके बाद गणमान्य नागरिकों ने हरी झंडी दिखाकर स्केटरों को रवाना किया।

एसोसिएशन के संस्थापक सुशील हजारी के मार्गदर्शन में तथा स्केटर प्रशिक्षक रमेश भाई और सहायक प्रशिक्षक लक्ष्मण पटेल के नेतृत्व में स्केटरों का दल सागर की ओर रवाना हुआ। शाम को सागर पहुंचने पर सभी स्केटरों ने डॉ. हरीसिंह गौर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर संदीप जी.आर. को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए डॉ. हरीसिंह गौर को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. हरीसिंह गौर ने शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दिया है, जिसे देखते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा जाना चाहिए।

इस पहल की नगरवासियों ने सराहना करते हुए स्केटरों के साहस, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता की प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *