इंदौर के वाहन प्रेमियों के लिए एक शानदार और महंगे अंदाज की खबर सामने आई है। ब्रिटिश लग्जरी कार ब्रांड रॉल्स-रॉयस की सुपर स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) कलिनन सीरिज-2 अब इंदौर की सड़कों पर भी दौड़ती नजर आएगी। यह मध्यप्रदेश की सबसे महंगी और पहली कलिनन सीरिज-2 कार है, जिसकी डिलीवरी गुरुवार को शहर में की गई।

एमरल्ड ग्रीन कलर और अल्ट्रा लग्जरी फीचर्स
इंदौर के उद्योगपति केके सिंह के बेटे माणिक और अंकित सिंह ने यह अल्ट्रा लग्जरी एसयूवी 15 करोड़ 10 लाख रुपए (ऑन रोड प्राइस) में खरीदी है। कार का एमरल्ड ग्रीन कलर इसे सड़क पर देखते ही रॉयल लुक देता है। इसके लिए विशेष आरटीओ नंबर 0085 भी लिया जा रहा है।

सुपर परफॉर्मेंस और हाई स्पीड
कलिनन-2 सीरिज की एसयूवी महज 5.2 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। इसकी टॉप स्पीड 250 किमी/घंटा है। ग्राउंड क्लीयरेंस 190MM है, जिसे जरूरत पड़ने पर एक बटन दबाकर 230MM तक बढ़ाया जा सकता है।
इंटीरियर और कस्टमाइजेशन
कार का इंटीरियर ऑरेंज और ब्लैक कलर में है और इसमें लगभग 3 करोड़ रुपए का कस्टमाइजेशन किया गया है। माणिक सिंह ने बताया कि इसमें स्पेशल मेंडेरियन इंटीरियर, क्रोम कलर के व्हील और रूफ की खास लाइटिंग शामिल है। रॉल्स-रॉयस के लिए यह कलर स्कीम और हैंड मेड फिनिशिंग बेहद खास मानी जाती है।

विशेष तैयारियां और यूके से डिलीवरी
इस कलिनन कार को एक साल में यूके से विशेष ऑर्डर पर तैयार किया गया। मशीनों का इस्तेमाल नहीं किया गया, कार पूरी तरह हैंड मेड है। डिलीवरी की सुविधा के लिए इसे यूके से फ्लाइट के जरिए दिल्ली और फिर सड़क मार्ग से इंदौर लाया गया।
रॉल्स-रॉयस कलिनन के प्रसिद्ध ओनर्स
कलिनन-2 सीरिज की यह कार देश में सबसे अधिक प्रसिद्ध कारों में से एक है। इसके मालिकों में बॉलीवुड और उद्योग जगत की हस्तियां शामिल हैं, जैसे रेपर बादशाह, मुकेश अंबानी, अल्लू अर्जुन, अजय देवगन, युसुफ अली, सोहन राय और भूषण कुमार।

परिवार के साथ माणिक सिंह ने ली डिलीवरी
माणिक सिंह अपने परिवार के साथ कार में बैठे और अपनी ड्रीम कार की डिलीवरी पूरी की। उन्होंने बताया कि यह कार उनके लिए लंबे समय से सपना रही और इसे पूरी तरह कस्टमाइज्ड फीचर्स के साथ तैयार कराई गई है।
रॉल्स-रॉयस कलिनन सीरिज-2 की यह पहली डिलीवरी मध्यप्रदेश में एक नया रॉयल और लक्जरी ट्रेंड लेकर आई है, जो इंदौर शहर में लग्जरी कारों की दुनिया को और भी खास बनाएगी।