सीधी में हिट एंड रन: बाइक चालक की सड़क पर मौत !

Spread the love

सीधी (शहडोल जिला): जिले में सीधी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ब्यौहारी–बांसुकली मार्ग चकती के पास हिट एंड रन का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया, जिससे युवक का शव सड़क पर पड़ा रह गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा तड़के हुआ। कई घंटों तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही जारी रही, जिससे मृतक के शव के अन्य वाहनों की चपेट में आने का खतरा बना रहा।

हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने इंसानियत दिखाने के बजाय वीडियो बनाना शुरू कर दिया। शव को सड़क से हटाने या पुलिस को तत्काल सूचना देने की बजाय लोग तमाशबीन बने रहे। इस कारण शव सड़क पर कई घंटे पड़ा रहा, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव का पंचनामा बनाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की शिनाख्ती समाचार तैयार होने तक नहीं हो पाई है। पुलिस अज्ञात वाहन और मृतक की पहचान करने में जुटी है।

घटना ने हिट एंड रन मामलों में पुलिस की संवेदनशीलता और सामाजिक जागरूकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने पूछा है कि यदि समय रहते मदद मिलती या पुलिस जल्दी पहुंचती, तो शायद युवक की जान बचाई जा सकती थी। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *