ग्राम लहटवास में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका !

Spread the love

मंडी बामोरा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम लहटवास में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका का शव रविवार को उसके ही घर के अंदर पाया गया, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आत्महत्या मानने से इनकार किया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मृतका की पहचान प्रियंका विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जिनका विवाह वर्ष 2018 में हरि बाबू अहिरवार से हुआ था। प्रियंका तीन बच्चों की मां थीं।

घटना के समय घर में अकेली थी प्रियंका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेत पर गए हुए थे और प्रियंका घर में अकेली थीं। इसी दौरान घर के भीतर से बच्चों के लगातार रोने की आवाज आने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल प्रियंका के पति हरि बाबू अहिरवार को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही पति मौके पर पहुंचे, लेकिन घर का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांकने पर पत्नी को अचेत अवस्था में देख उन्होंने शोर मचाया। दरवाजा न खुलने पर दीवार तोड़कर घर के भीतर प्रवेश किया गया और प्रियंका को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

घटना की जानकारी मिलते ही प्रियंका के मायके वाले भी गांव पहुंचे। मृतका के भाई सोनू ने आरोप लगाया कि घटना से एक रात पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने इस मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। मायके पक्ष ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रशासन की मौजूदगी में पंचनामा, पैनल से पोस्टमॉर्टम

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मंडी बामोरा पुलिस ने नायब तहसीलदार हेमराज मेहर की उपस्थिति में शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों के विशेष पैनल द्वारा पोस्टमॉर्टम किया गया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मामला जांच में है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

इस दुखद घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं प्रियंका के मासूम बच्चों की स्थिति ने सभी को भावुक कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *