उमरीखेड़ा में भीषण सड़क हादसा, दो कारों की आमने-सामने टक्कर !

Spread the love

इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत उमरीखेड़ा में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां दो कारों की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि मुंबई के एक दंपती सहित कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल भेजा गया है।

तेजाजी नगर टीआई देवेंद्र मरकाम के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब एक कार उज्जैन से ओंकारेश्वर जा रही थी, जबकि दूसरी कार सनावद से इंदौर की ओर आ रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उज्जैन से आ रही कार के चालक को झपकी आ गई, जिससे वह सामने से आ रही कार से टकरा गया।

हादसे में एक की मौत, सात घायल

इस दुर्घटना में सनावद निवासी भैयालाल (45 वर्ष) पुत्र लक्ष्मलाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं हादसे में मुंबई निवासी निखिल कोठारी, उनकी पत्नी सलोनी कोठारी, अमन पुत्र रशीद खान निवासी उज्जैन, ओमप्रकाश पुत्र आलोक चंद निवासी सनावद, चेतराम पुत्र बारेलाल निवासी सनावद, अरबाज निवासी सनावद और पवन निवासी सदरसर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों कारों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी जोरदार थी।

सनावद से मरीज को लेकर आ रहे थे इंदौर

परिजनों ने बताया कि सनावद से इंदौर आ रही कार में भैयालाल को इलाज के लिए लाया जा रहा था। उनके साथ ओमप्रकाश और चेतराम भी सवार थे। हादसे में भैयालाल की हालत गंभीर हो गई थी, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। ओमप्रकाश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चेतराम और भैयालाल आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

उज्जैन-ओंकारेश्वर दर्शन के लिए आए थे मुंबई के दंपती

दूसरी कार में सवार मुंबई के दंपती निखिल और सलोनी कोठारी ने बताया कि वे उज्जैन-ओंकारेश्वर दर्शन करने आए थे। रविवार को उज्जैन में रुकने के बाद उन्होंने टैक्सी किराए पर ली थी और सोमवार सुबह ओंकारेश्वर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान उमरीखेड़ा के पास यह हादसा हो गया। दोनों मुंबई में नौकरी करते हैं और मूल रूप से गुजरात के रहने वाले हैं।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही तेजाजी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक तौर पर हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *