पतंग उतारते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया 9 साल का बच्चा !

Spread the love

इंदौर में पतंगबाजी के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 9 साल के बच्चे की जान चली गई। चंदन नगर थाना क्षेत्र के नगीन नगर में रविवार शाम बिजली के पोल पर चढ़कर पतंग उतारने की कोशिश कर रहा बच्चा हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे बच्चे को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।

मृतक बच्चे की पहचान गोविंद गौर के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

बिजली पोल पर चढ़ते ही हुआ हादसा

स्थानीय निवासी गौरव ने बताया कि गोविंद बिजली के पोल पर फंसी पतंग उतारने के लिए चढ़ा था। इसी दौरान वह अचानक पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। इसके बाद तेज धमाके और पटाखों जैसी आवाज आई, जिससे आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर दौड़ पड़े।

काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने बच्चे को नीचे उतारा और तुरंत वाहन से एमवाय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चा लगभग 70 प्रतिशत तक झुलस चुका था और उसकी हालत बेहद गंभीर थी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

गोविंद को एमवाय अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती किया गया था। डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गोविंद के पिता मनीष पेशे से मिस्त्री हैं, जबकि मां प्रीति पटेल गृहिणी हैं। परिवार मूल रूप से विदिशा जिले का निवासी है और फिलहाल इंदौर में किराए के मकान में रह रहा था। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे का वीडियो भी आया सामने

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चा बिजली लाइन से चिपका हुआ दिखाई दे रहा है और स्थानीय लोग उसे बचाने का प्रयास कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में घटना को लेकर गहरी संवेदना और चिंता देखी जा रही है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

गौरतलब है कि इससे पहले धार रोड क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां 12 साल का बच्चा हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया था। उस मामले में भी इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई थी और छत्रीपुरा पुलिस ने मर्ग कायम किया था।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने शहर में बिजली लाइनों की सुरक्षा, खुले पोल और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और बिजली कंपनी को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *