मंडी बामोरा: कठरिया मार्केट में कपड़ों की दुकान में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान !

Spread the love

मंडी बामोरा। कठरिया मार्केट में रविवार रात अचानक आग लग गई, जिसमें एक कपड़ों की दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग राहुल कठरिया के मकान के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित दुकान में लगी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में दुकानदार को लगभग दो करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।

राहुल कठरिया के परिवार ने समय रहते मकान खाली कर दिया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग की सूचना मिलने पर रिफाइनरी, कुरवाई, खुरई और बीना से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, दुकान की गहराई और पानी पहुँचने में कठिनाई के कारण आग बुझाने में समय लगा।

प्रमोद कठरिया और अजय कठरिया की यह दुकान कपड़ों और अन्य सामग्रियों से भरी हुई थी। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है और पंचनामा तैयार किया गया है। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने आग बुझाने में सहयोग किया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *