पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह के संकल्प ने दिखाई असरदार छवि, स्वागत में फूलों की बजाय वितरित हुई स्कूली सामग्री और स्वेटर-कंबल !

Spread the love

सेवन/बांदरी। पूर्व गृहमंत्री और खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह के स्वागत की नई परंपरा ने असर दिखाया। फूल-मालाओं और गुलदस्तों के स्थान पर लोगों ने स्टेशनरी, स्वेटर और जरूरतमंदों के उपयोगी सामान से उनका स्वागत किया। अब तक लगभग दो लाख रुपए मूल्य की सामग्री वितरित की जा चुकी है।

सेवन ग्राम में आयोजित कार्यक्रम में श्री भूपेन्द्र सिंह ने हायर सेकंडरी स्कूल में स्कूली बच्चों और जरूरतमंदों को वितरित की गई सामग्री का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर स्कूल की आवश्यकताओं जैसे खेल मैदान और शिक्षक उपलब्धता की जानकारी ली। उनका मानना है कि शिक्षा और हुनर स्थायी संपदा हैं, जिन्हें मेहनत और लगन से ही हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने हल्दी-चंदन के तिलक के साथ क्रिकेट किट, कॉपी-पेन, बैग, स्वेटर, कंबल आदि सामग्री प्रदान की। पूर्व गृहमंत्री ने कहा, “मैं तो निमित्त मात्र हूँ। यह सारी सामग्री क्षेत्र के लोगों द्वारा दी गई है, जो बच्चों और जरूरतमंदों के काम आएगी। फूल-मालाएं केवल भगवान या साधु संतों को चढ़ाने पर ही सही हैं। हमारी संस्कृति में स्वागत हल्दी-चंदन के तिलक से होता आया है।”

स्वागत सामग्री देने वालों में बांदरी नगरपरिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विश्वनाथ सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल पाराशर, राजाराम राय सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे। सभी छात्र-छात्राओं को समानता और आवश्यकता के अनुसार सामग्री वितरित की गई।

इसके अलावा, कार्यालय में भी आगंतुकों ने फूल-मालाओं की जगह उपयोगी सामग्री लाकर पूर्व गृहमंत्री के संकल्प का सम्मान किया। यहां उत्तम सिंह ठाकुर ने 10 कंबल, रामराजा ठाकुर ने कॉपी और पेन, आकाश गोदना ने 40 कॉपी-पेन, और अन्य गणमान्य लोगों ने भी सामग्री भेंट की।

पूर्व गृहमंत्री का यह कदम न केवल स्वागत की परंपरा को बदल रहा है, बल्कि समाज में शिक्षा और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *