दमोह: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का संभागायुक्त ने किया निरीक्षण !

Spread the love

दमोह। संभागायुक्त श्री अनिल सुचारी आज शाम तहसील कार्यालय दमोह पहुंचे, जहां उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत की जा रही कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान तहसील कार्यालय में चल रही प्रक्रियाओं, दावे–आपत्तियों की स्थिति तथा नोटिस तामील की प्रगति के संबंध में जानकारी ली गई।

मौके पर उपस्थित एसडीएम श्री आर.एल. बागरी एवं तहसीलदार श्री रोबिन जैन ने संभागायुक्त को अभियान की अब तक की कार्यवाही से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि एसआईआर के अंतर्गत चिन्हित मामलों में संबंधित हितग्राहियों को नियमानुसार नोटिस जारी किए जा चुके हैं तथा प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की प्रक्रिया सतत रूप से जारी है।

इस संबंध में कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत सभी प्रकरणों में विधिवत कार्यवाही की जा रही है। दावे–आपत्तियों के निराकरण हेतु निर्धारित समय-सीमा में सुनवाई की जा रही है, ताकि पात्र व्यक्तियों के अधिकार सुरक्षित रह सकें और अपात्र प्रविष्टियों को नियमों के अनुसार सुधारा जा सके।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री अनिल सुचारी ने रोल ऑब्जर्वर के रूप में संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दावे–आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप संपादित की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी न हो और सभी मामलों में दस्तावेजों की विधिवत जांच कर निर्णय लिया जाए।

संभागायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, अभिलेखों के संधारण में सावधानी बरतने तथा आम नागरिकों को सही जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए इसकी प्रत्येक प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना अनिवार्य है।

निरीक्षण के अंत में संभागायुक्त ने अभियान से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा जताई कि वे पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि अभियान अपने उद्देश्य में सफल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *