सागर: भारत स्काउट एवं गाइड का संभाग स्तरीय तृतीय सोपान व निपुण जांच शिविर आयोजित !

Spread the love

सागर। राज्य मुख्यालय के निर्देशानुसार भारत स्काउट एवं गाइड संगठन द्वारा संभाग स्तरीय तृतीय सोपान एवं निपुण जांच शिविर का आयोजन 26 से 30 दिसंबर तक तिलक हाई स्कूल, मकरोनिया, सागर में किया जा रहा है। इस शिविर का उद्देश्य स्काउट–गाइड विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और व्यवहारिक ज्ञान का विकास करना है।

शिविर के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय दिवस में प्रतिभागी स्काउट–गाइडों का विभिन्न विषयों पर परीक्षण लिया जा रहा है। इनमें ध्वज शिष्टाचार, संगठन के नियम, स्काउट–गाइड प्रतिज्ञा, झंडा गीत, नक्शा–कंपास का ज्ञान, दक्षता बैज सहित अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को संगठन की मूल भावना और व्यवहारिक कौशल से परिचित कराया जा रहा है।

शिविर के तृतीय दिवस विशेष रूप से हाइक गतिविधि का आयोजन किया गया, जो हनुमान मंदिर एवं महादेव मंदिर क्षेत्र में संपन्न हुआ। इस हाइक के दौरान स्काउट–गाइड बच्चों को खोज के चिन्हों की पहचान, कम्पास का उपयोग, दिशा ज्ञान तथा बिना बर्तन के भोजन तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही कुकिंग दक्षता बैज के लिए उनका परीक्षण भी लिया गया। हाइक के दौरान बच्चों ने खोज के चिन्हों का अनुसरण करते हुए निर्धारित स्थल तक सफलतापूर्वक पहुंचकर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर कृष्णा साहू मैडम द्वारा आग के विभिन्न प्रकारों का डेमो प्रस्तुत किया गया, जिससे बच्चों को आपात स्थितियों में सुरक्षित रूप से आग जलाने और उसके उपयोग की जानकारी मिली। यह प्रशिक्षण बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक रहा।

शिविर का संचालन शिविर संचालक श्रीमती कंचन सिंह, सागर द्वारा किया जा रहा है। वहीं संचालक मंडल में गौरी शंकर शर्मा, रश्मि दुबे, मंजूलता सोनी, कृष्णा साहू (कोऑर्डिनेटर, मैसेंजर ऑफ पीस), धर्मेंद्र अहिरवार एवं प्रियांक गुप्ता का सराहनीय सहयोग मिल रहा है।

हाइक गतिविधि के दौरान डी.ओ.सी. स्काउट श्री चंद्रभान लोधी एवं जिला सचिव, सागर श्री लीलाधर अहिरवार द्वारा स्काउट–गाइड बच्चों द्वारा तैयार किए गए भोजन का परीक्षण किया गया और उनकी कार्यकुशलता की सराहना की गई।

इस संभाग स्तरीय शिविर में सागर एवं दमोह जिलों से आए स्काउट, गाइड, रोवर एवं स्टाफ सक्रिय रूप से सहभागिता कर रहे हैं। शिविर के माध्यम से बच्चों में सेवा भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल विकसित हो रहा है, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *