सागर। गढ़ाकोटा रोड पर सोमवार को दो डंपर और एक कार की भिड़ंत होने से कार सड़क किनारे खंती में गिर गई। कार में सवार लोग घायल हुए हैं और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, कार गढ़ाकोटा से सागर की ओर आ रही थी। सानौधा थाना क्षेत्र के नयाखेड़ा से बरपानी के बीच डंपर को ओवरटेक करते समय मोड़ पर अचानक सामने डंपर आ गया। डंपर से बचने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर खंती में उतर गई, वहीं दोनों डंपरों में आमने-सामने की टक्कर हो गई।

दुर्घटना के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया। दोनों तरफ करीब दो किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लगी। पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त डंपरों को हटवाया और मार्ग पर यातायात बहाल किया।

सानौधा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि घटना में कार में सवार लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल भेजा गया है। क्षतिग्रस्त वाहन हटाने के बाद मार्ग पर यातायात सुचारू कर दिया गया।