दमोह: पड़ोसियों के झगड़े को देख रहे दंपती पर धारदार हथियार से हमला, तीन घायल !

Spread the love

दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत सरखड़ी गांव में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पड़ोसियों के बीच हो रहे विवाद को देख रहे एक दंपती पर अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। इस हमले में दंपती सहित एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना सागर नाका चौकी क्षेत्र के पास की बताई जा रही है। हमले में घायल सूरज पटेल और उनकी पत्नी रोशनी पटेल ने बताया कि सोमवार रात उनके पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। वे दोनों अपने घर के बाहर खड़े होकर झगड़ा देख रहे थे, तभी पड़ोस में रहने वाले दौलत पटेल, तुलसा पटेल सहित कुछ अन्य लोग अचानक वहां पहुंचे और बिना किसी उकसावे के उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले में सूरज पटेल की पत्नी रोशनी पटेल को गंभीर चोटें आईं, वहीं सूरज पटेल और उनके छोटे भाई गोलू पटेल भी घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल दमोह ले जाया गया, जहां तीनों का इलाज जारी है। जिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. मधुर चौधरी और डॉ. ऐश्वर्य प्रताप राजपूत ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया।

पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। सीएसपी एचआर पांडे, देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा और सागर नाका चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी जिला अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *