दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदरई गांव में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अधेड़ व्यक्ति का जला हुआ शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव सजिया हार के समीप स्थित संबेल टैंक के पास पड़ा हुआ था। ग्रामीणों ने जब शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पथरिया थाना प्रभारी अमित मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है।

मृतक की हुई पहचान
मृतक की पहचान मनोहर उर्फ गुड्डू कडेरे (50 वर्ष) पिता राम किशन, निवासी जेरठ के रूप में हुई है। शव बुरी तरह से जला हुआ था और शरीर के कई हिस्से झुलस चुके थे, जिससे मौके पर मौजूद लोग सहम गए।
हीटर हाथ में चिपका मिला, करंट से मौत की आशंका
थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक जली हुई अवस्था में पड़ा था। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि मृतक ने सीधे बिजली की लाइन से कनेक्शन लिया हुआ था और एक इलेक्ट्रिक हीटर उसके हाथ में चिपका हुआ मिला। घटनास्थल के आसपास बिजली के तार भी मौजूद थे, जिससे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि यह मामला करंट की चपेट में आने से जलने का है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करंट लगने के बाद व्यक्ति काफी देर तक बिजली की चपेट में रहा, जिससे उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया।
पुलिस ने की पंचनामा कार्रवाई
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया और उनके समक्ष पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मृतक ने बिजली का कनेक्शन किस उद्देश्य से लिया था और क्या इसमें किसी तरह की लापरवाही या अन्य कारण शामिल हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।