इंदौर में कार से 1.18 करोड़ रुपए बरामद, हवाला की आशंका; इनकम टैक्स को दी सूचना !

Spread the love

इंदौर। इंदौर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 1 करोड़ 18 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। यह रकम एक प्लायवुड कंपनी के मालिक की बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि मामला हवाला लेन-देन से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल जांच जारी है और इनकम टैक्स विभाग को भी सूचना दे दी गई है।

सोमवार देर रात कनाड़िया थाना पुलिस बिचौली मर्दाना ब्रिज के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टाटा नेक्सॉन कार (MP09 DR-8271) को रोका गया। कार में तीन युवक सवार थे। जब पुलिस ने कार की डिक्की खुलवाकर जांच की तो उसमें एक बड़े बैग में 1 करोड़ 18 लाख रुपए नकद मिले।

रकम की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूछताछ में कार सवार युवकों—राजेश यादव, प्रभात अग्रवाल और आनंद—ने बताया कि यह कार प्लायवुड कंपनी के मालिक सनद अग्रवाल की है। उन्होंने ही बैग देकर फार्म हाउस में पहुंचाने को कहा था।

पुलिस के अनुसार, बरामद रकम को लेकर सनद अग्रवाल ने अब तक कोई ठोस जानकारी या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए हैं। सनद अग्रवाल की दो कंपनियां—सेफ्लेक्स इंटरनेशनल लिमिटेड और मंत्रम टेक्नो फेब प्रा. लि.—बताई जा रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार सुबह इनकम टैक्स विभाग को सूचना दे दी गई है।

31 दिसंबर को लेकर चल रहा था विशेष चेकिंग अभियान
पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के निर्देश पर 31 दिसंबर के मद्देनजर शहर के आउटर थानों में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस अभियान के तहत अवैध शराब, तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान यह बड़ी नकदी बरामद हुई।

पुलिस अधिकारियों ने रात में ही सनद अग्रवाल से संपर्क किया है। पुलिस का कहना है कि मंगलवार को जांच के बाद मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल नकदी को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *