भोपाल। राजधानी भोपाल में अड़ीबाजी और चाकूबाजी की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। हनुमानगंज थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए 500 रुपये नहीं देने पर युवक पर छुरी से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई छुरी भी बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नोमान खान उर्फ तंजिल उर्फ लाला उर्फ नोमान लाला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट सहित कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

सलीम चौक पर देर रात हुआ हमला
घटना सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 12.30 बजे की है। इंद्रानगर निवासी 21 वर्षीय मोहम्मद शारिक सलीम चौक पर खड़ा था। इसी दौरान आरोपी नोमान वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए उससे 500 रुपये मांगने लगा। शारिक द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपी ने छुरी निकालकर शारिक के बाएं पैर की जांघ में वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। मौके पर मौजूद तालिब ने बीच-बचाव कर पीड़ित की जान बचाई। हमले के बाद आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
घायल शारिक की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 638/25 के तहत बीएनएस की धारा 296ए, 118(1), 119(1) एवं 351(2) में मामला दर्ज किया। पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्र के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी व डीसीपी जोन-3 अभिनव चौकसे के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने काजी कैंप स्थित चाय की दुकान के पास से आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने छुरी रेलवे ग्राउंड में छिपा दी थी। उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद कर लिया गया।
16 मामलों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक नोमान लाला के खिलाफ हनुमानगंज, गौतम नगर, मंगलवारा, कोतवाली और शाहजहांनाबाद थानों में चोरी, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट के कुल 16 मामले दर्ज हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश सिंह भदौरिया के नेतृत्व में कार्यवाहक उप निरीक्षक शिवलाल वर्मा, उप निरीक्षक ओमप्रकाश यादव, प्रधान आरक्षक गोविंदराम, मोहम्मद यूसुफ सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।