सागर।
31 दिसंबर और नववर्ष के जश्न को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सागर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 31 दिसंबर की रात से 1 जनवरी तक शहर और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जश्न के नाम पर हुड़दंग, शराब पीकर वाहन चलाने और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चौराहों पर चेकिंग, ब्रेथ एनालाइजर से जांच
नववर्ष की पूर्व संध्या पर शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। पुलिस द्वारा वाहनों की सघन जांच की जाएगी।

- ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की जाएगी।
- शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- बाइक पर तीन सवारी, बिना हेलमेट, तेज रफ्तार, रेसिंग और स्टंटबाजी करने वालों के चालान काटे जाएंगे।
- नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन जब्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग बर्दाश्त नहीं
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, सड़कों पर हुड़दंग, अश्लील व्यवहार या किसी भी प्रकार से शांति भंग करने वालों पर तत्काल मामला दर्ज किया जाएगा। ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।
होटल, ढाबा और पिकनिक स्पॉट पर कड़ी निगरानी
संभावित भीड़ और जश्न को देखते हुए होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, मॉल, पार्क, पिकनिक स्पॉट के साथ-साथ बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और धार्मिक स्थलों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर
पुलिस की साइबर सेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी नजर बनाए हुए है। भड़काऊ, अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
एडिशनल एसपी की अपील
एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नववर्ष का स्वागत शालीनता, संयम और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा,
“नशा कर हुड़दंग मचाने वालों और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तुरंत डायल-112 या 100 पर संपर्क करें।”
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है ताकि सागर में नववर्ष का जश्न सुरक्षित, शांतिपूर्ण और खुशहाल माहौल में मनाया जा सके।