भावांतर योजना का प्रभाव: सोयाबीन की आवक घटी, गेहूं के भाव बढ़े !

Spread the love

मंगलवार को कृषि उपज मंडी में अनाज की आवक अपेक्षाकृत कम रही। कुल मिलाकर किसान करीब 1400 बोरा अनाज लेकर मंडी पहुंचे। भावांतर योजना के अंतर्गत सोयाबीन की नीलामी आगामी तीन दिनों तक नहीं होने की सूचना मिलने के बाद किसानों ने भावांतर का सोयाबीन मंडी में लाना कम कर दिया, जिससे आवक में गिरावट दर्ज की गई।

जानकारी के अनुसार अब तक बड़ी संख्या में किसान भावांतर योजना के तहत सोयाबीन लेकर मंडी पहुंच रहे थे, लेकिन नीलामी न होने की सूचना के बाद किसानों ने फिलहाल अपनी उपज रोक ली है। इसका सीधा असर मंडी की गतिविधियों पर पड़ा है। मंगलवार को मंडी में मुख्य रूप से पुराना सोयाबीन ही बिक्री के लिए आया।

सोयाबीन के दामों में भी गिरावट देखने को मिली। मंडी में सोयाबीन का न्यूनतम भाव 4115 रुपये प्रति क्विंटल और अधिकतम भाव 4671 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। हालांकि कुछ किसानों का मानना है कि आगामी दिनों में दामों में धीरे-धीरे सुधार हो सकता है।

वहीं गेहूं के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंडी में गेहूं का न्यूनतम भाव 2488 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम भाव 2804 रुपये प्रति क्विंटल रहा। गेहूं के दाम बढ़ने के कारण आने वाले समय में आटा, सूजी और मैदा के दामों में भी वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।

मंडी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए भारसाधक अधिकारी एवं एसडीएम मनोज कुमार चौरसिया भी मंडी पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों के पास उपलब्ध सोयाबीन स्टॉक का मिलान किया और यह जानकारी ली कि व्यापारियों द्वारा कितना सोयाबीन खरीदा और कितना बेचा गया है। सूत्रों के अनुसार आगामी दिनों में सोयाबीन की जांच के लिए बाहर से टीम भी मंडी में पहुंच सकती है।

किसानों का कहना है कि वर्तमान में मंडी में भावांतर योजना के अंतर्गत सोयाबीन की अधिक आवक रही है। किसान प्रमोद और संजय ने बताया कि सोयाबीन के दाम धीरे-धीरे बढ़ रहे हैं और यदि भावों में और सुधार होता है तो किसान पुराना सोयाबीन बेच पाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जनवरी माह में भावांतर योजना समाप्त हो जाएगी, ऐसे में किसानों के हित में सोयाबीन के दामों में वृद्धि होना जरूरी है।

फिलहाल भावांतर नीलामी पर रोक और बाजार की स्थिति के चलते किसान दामों पर नजर बनाए हुए हैं और उपज बेचने के लिए उचित समय का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *