सागर: अज्ञात युवक ने बुजुर्ग को एलिवेटेड कॉरिडोर से झील में धकेला !

Spread the love

सागर | शहर की लाखा बंजारा झील में बने एलिवेटेड कॉरिडोर से एक बुजुर्ग को अज्ञात व्यक्ति द्वारा धक्का दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कड़ाके की ठंड के बीच बुजुर्ग पूरी रात झील के पिलर के सहारे पानी में खड़े रहे। बुधवार सुबह सिक्योरिटी गार्ड्स की नजर पड़ने के बाद बोट की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

सदर क्षेत्र निवासी हरप्रसाद रैकवार (62) ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11.30 बजे वे बस स्टैंड के पास स्थित एलिवेटेड कॉरिडोर पर खड़े होकर झील का नजारा देख रहे थे। इसी दौरान पीछे से अचानक किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें धक्का दे दिया। संतुलन बिगड़ने से वे सीधे झील के पानी में जा गिरे।

हरप्रसाद ने बताया कि पानी में गिरते ही उन्होंने मदद के लिए जोर-जोर से आवाज लगाई, लेकिन रात अधिक होने और आसपास सन्नाटा होने के कारण उनकी आवाज किसी तक नहीं पहुंच सकी। मजबूरी में उन्होंने झील के एक पिलर को पकड़ लिया और पूरी रात ठंडे पानी में खड़े रहकर गुजारी। ठंड के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन जान बचाने के लिए वे पिलर को पकड़े रहे।

बुधवार सुबह झील क्षेत्र में तैनात सिक्योरिटी गार्ड्स की नजर बुजुर्ग पर पड़ी। इसके बाद सिक्योरिटी गार्ड्स के सुपरवाइजर विक्की ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने बोट की मदद से बुजुर्ग को झील से बाहर निकाला।

रेस्क्यू के बाद हरप्रसाद रैकवार को प्राथमिक जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। बताया जा रहा है कि ठंड और लंबे समय तक पानी में रहने के कारण उन्हें कमजोरी और कंपकंपी की शिकायत थी, हालांकि उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। एलिवेटेड कॉरिडोर जैसे व्यस्त और संवेदनशील स्थान पर देर रात सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर लोग चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *