
भिंड के मालनपुर इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री में भीषण आग, एक कर्मचारी की मौत
भिंड जिले के मालनपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित प्रिया गोल्ड बिस्किट फैक्ट्री में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। इस घटना में एक कर्मचारी की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि फैक्ट्री में करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे हुई। आग ने इतना भीषण रूप ले लिया कि दोपहर तक इसे नियंत्रित नहीं किया जा सका। फैक्ट्री में मौजूद 76 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक कर्मचारी सूरज बाथम (25) धुएं और आग की चपेट में आ गया। दमकलकर्मियों ने उसे अचेत अवस्था में बाहर निकाला और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फैक्ट्री से उठता धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। आग बुझाने के लिए ग्वालियर, मालनपुर, गोहद और मौ की दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे तक आग पर कुछ हद तक काबू पा लिया गया।
मृतक सूरज बाथम फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट (रात 7 बजे से सुबह 7 बजे) में काम कर रहा था। वह बचपन से ही अपने मामा जितेंद्र माझी के घर आलमपुर में रह रहा था। उसके पिता देशराज बाथम अहमदाबाद में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं, जबकि मां सुधा बाथम ग्वालियर में मजदूरी करती हैं।

फैक्ट्री प्रबंधन ने शुरुआत में दावा किया था कि सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन बाद में सूरज का शव मिलने से यह बात गलत साबित हुई। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने मौत की पुष्टि की और बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
मालनपुर इंडस्ट्रियल एरिया में करीब 200 बड़ी फैक्टरियां हैं। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने मृतक के परिवार को मुआवजे और सहायता का आश्वासन दिया है। शव का पोस्टमॉर्टम गोहद अस्पताल में कराया जा रहा है।

इस घटना ने औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंधन से सख्ती से नियमों का पालन करने और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने का निर्देश दिया है।