खजुराहो | झांसी–खजुराहो फोरलेन मार्ग पर बमीठा के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। खजुराहो से करीब 15 किलोमीटर दूर तेज रफ्तार आर्टिगा कार (क्रमांक MP07 CD 6115) अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार तीनों लोग सुरक्षित बच गए।

सेकेंड हैंड कार खरीदकर लौट रहे थे सीधी
जानकारी के अनुसार कार में सवार तीनों युवक सीधी जिले के निवासी हैं। वे ग्वालियर से एक सेकेंड हैंड आर्टिगा कार खरीदकर अपने घर लौट रहे थे। बमीठा के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क से फिसलते हुए करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार खाई में गिरने से पहले चार बार पलटी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थानीय लोगों ने की मदद
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके साथ ही पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
तीनों सवार सुरक्षित
इस गंभीर दुर्घटना के बावजूद कार में सवार तीनों युवक सुरक्षित हैं। उन्हें मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की वजह मानी जा रही है।
फोरलेन मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।