इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में हंगामा करने वाले यात्री के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोपी यात्री पर क्रू मेंबरों और अन्य यात्रियों से अभद्र व्यवहार करने, जान से मारने की धमकी देने और इमरजेंसी दरवाजा खोलने का प्रयास करने का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए यात्री को विमान से उतारकर थाने ले जाया गया।
एरोड्रम पुलिस ने इंडिगो एयरलाइंस के कर्मचारी शरीफ कुरैशी, निवासी एच.डी. आइडिया कॉलोनी, तीन इमली की शिकायत पर सुनील कुमार पुत्र इंदर सिंह, निवासी रमेश एमसी बसाऊ मार्केट के पास, बरवाला, जिला हिसार (हरियाणा) के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

शराब के नशे में था यात्री
पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार रात 9:15 बजे की इंडिगो फ्लाइट में हुई। आरोपी यात्री सुनील कुमार शराब के नशे में था। इंडिगो के सीनियर सिक्योरिटी एक्जीक्यूटिव द्वारा मामले की जानकारी अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद क्रू मेंबरों से लिखित शिकायत ली गई।
क्रू मेंबर और यात्रियों से की बदतमीजी
फरियादी शरीफ कुरैशी ने बताया कि वे एयरपोर्ट परिसर में इंडिगो के विमान (रजिस्ट्रेशन नंबर VT-ILS A321) में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान फ्लाइट नंबर 6E-6002 से क्रू मेंबर याशी सांगवान और रिया आर्या ने उन्हें बुलाकर बताया कि सीट नंबर 29A पर बैठा यात्री सुनील कुमार उनके साथ और आसपास बैठे यात्रियों के साथ बदतमीजी कर रहा है।
जब उन्होंने यात्री से बात करने की कोशिश की, तो वह फ्लाइट के करीब दो घंटे लेट होने को लेकर नाराज हो गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। उसने क्रू मेंबरों के साथ भी अपशब्द कहे।
जान से मारने की धमकी, इमरजेंसी दरवाजा खोलने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, समझाने पर भी आरोपी नहीं माना और जान से मारने की धमकी देने लगा। वह बार-बार कह रहा था कि फ्लाइट पहले ही लेट है और उसे नीचे उतारा जाए। इसी दौरान उसने इमरजेंसी दरवाजा खोलने का प्रयास भी किया, जिससे विमान में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
विमान से उतारकर थाने लाया गया
घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी यात्री को तुरंत विमान से उतारकर एरोड्रम थाने लाया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर नोटिस देकर छोड़ दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।