इंदौर में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाणगंगा थाना क्षेत्र के किला मैदान के पास मरीमाता रोड पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार एक अंडे की दुकान में जा घुसी। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी नाबालिग बहन और दुकान संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है।
बाणगंगा पुलिस के अनुसार, हादसा स्कॉर्पियो कार क्रमांक MP35-Z0056 से हुआ। दुर्घटना के वक्त कार अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे स्थित अंडे की दुकान में घुस गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

कोचिंग की जानकारी लेने आया था छात्र
हादसे में कुशवाह नगर निवासी छात्र चंदन पिता गौरीशंकर शर्मा की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंदन अपनी मां सुनीता और बहन नंदनी शर्मा (17) के साथ ऊपर स्थित एक कोचिंग संस्थान की जानकारी लेने आया था। जानकारी लेकर तीनों नीचे उतरे और सड़क की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान चंदन सबसे पीछे रह गया और बिजली के पोल व स्कॉर्पियो के बीच फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में उसकी बहन नंदनी शर्मा घायल हो गई, जबकि मां सुनीता आगे निकल जाने के कारण बाल-बाल बच गईं। वहीं अंडे की दुकान पर बैठे दुकानदार आशीष यादव भी कार की चपेट में आने से घायल हो गए।
घबराहट में हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में दो सिख पुरुष और एक महिला सवार थे। कार चला रहे व्यक्ति को अचानक घबराहट हो गई, जिससे वाहन की रफ्तार तेज हो गई और वह नियंत्रण खो बैठा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार सवारों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर बाणगंगा पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन चालक को थाने ले गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि घायलों का एमवाय अस्पताल में इलाज जारी है।