बंडा में अवैध ई-रिक्शा और ऑटो संचालन को लेकर बस संचालकों का विरोध, एसडीओपी को सौंपा ज्ञापन !

Spread the love

बंडा | नगर में अवैध रूप से संचालित हो रहे ई-रिक्शा एवं तीन पहिया ऑटो के खिलाफ बस संचालकों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। मंगलवार को बस ऑपरेटर्स ने अनुविभागीय अधिकारी पुलिस प्रदीप वाल्मीकि को ज्ञापन सौंपते हुए नगर में चल रहे अवैध ई-रिक्शा एवं ऑटो पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।

बस संचालकों ने ज्ञापन में बताया कि बंडा की लगभग सभी प्रमुख और अंदरूनी सड़कों पर बिना वैध परमिट एवं नियमों के तीन पहिया ऑटो और ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं। इन वाहनों की वजह से यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है और वैध रूप से संचालित बसों को यात्रियों की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे बस ऑपरेटर्स को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बस संचालकों का कहना है कि जब वे अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को नियमों का पालन करने या संचालन बंद करने के लिए कहते हैं, तो वे विवाद करने लगते हैं। कई बार लड़ाई-झगड़े की स्थिति बन जाती है और कुछ मामलों में बस संचालकों के खिलाफ थाने में झूठी शिकायतें दर्ज कराई जाती हैं, जिससे उन्हें मानसिक, आर्थिक और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि नगर में अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शा एवं ऑटो की जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और नियम विरुद्ध चल रहे वाहनों पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और वैध परिवहन व्यवसायियों को राहत मिल सके।

ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से अंगद सिंह ठाकुर, अंतू जैन, अमित तिवारी, गोविंद सिंह राजपूत और पप्पी चौरसिया उपस्थित रहे। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस प्रदीप वाल्मीकि ने बस संचालकों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *