सागर | नए साल 2026 के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाए रखने के लिए सागर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आई। 31 दिसंबर बुधवार की रात शहर में किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।

एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए शहर की कमान अपने हाथ में ली। उन्होंने पुलिस बल के साथ शहर में भ्रमण कर हालात का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस की मौजूदगी से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
चेकिंग पॉइंट पर पकड़े गए असामाजिक तत्व
पुलिस चेकिंग के दौरान नशे की हालत में घूम रहे कई असामाजिक तत्वों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। ड्रिंक एंड ड्राइव के कई प्रकरण मौके पर ही बनाए गए। खासतौर पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए गए।

सड़क पर हुड़दंग पर सख्ती
कई स्थानों पर सड़क पर हुड़दंग मचाने की कोशिश करने वालों को पुलिस ने समझाइश दी, वहीं नियम न मानने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने स्पष्ट कहा कि नए साल के जश्न के नाम पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि संयम और जिम्मेदारी के साथ नया वर्ष मनाएं और कानून का पालन करें।

होटलों में जश्न, कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां
वर्ष 2026 के स्वागत के लिए शहर के तिली, बहेरिया, बटालियन रोड और मोतीनगर क्षेत्र में स्थित होटलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में भोपाल और मुंबई से आए कलाकारों एवं सिंगर्स ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। फिल्मी गानों पर युवा और परिवारों के साथ पहुंचे लोग जमकर झूमते नजर आए।
रात 12 बजते ही आतिशबाजी के साथ लोगों ने एक-दूसरे को नए साल की बधाइयां और शुभकामनाएं दीं। पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी के चलते शहर में नया साल शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया।