राहतगढ़ | नगर में विगत दिनों 27 नवंबर से 2 दिसंबर तक मुनि प्रमाण सागर महाराज के ससंघ सानिध्य में संपन्न हुए पंचकल्याणक महामहोत्सव के पश्चात एक ऐतिहासिक एवं पुण्यार्जक कार्य देखने को मिला। पुण्यार्जक परिवार चौधरी अशोक कुमार, मुकेश जैन, अमित, अर्पित एवं समस्त चौधरी परिवार द्वारा अपनी स्वयं की भूमि पर सफेद संगमरमर से निर्मित भव्य जिनालय का निर्माण कर पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न कराया गया और इस जिनालय को समाज को समर्पित कर दिया गया।
चौधरी परिवार की इस अनुकरणीय उदारता और धार्मिक आस्था से प्रभावित होकर जैन समाज राहतगढ़ द्वारा परिवार को “श्रीमंत” की उपाधि से विभूषित किया गया था। इसी क्रम में बुधवार को सिलवानी से अखंड जैन समाज, वैश्य महासम्मेलन जिला रायसेन एवं क्षेत्रीय विकास परिषद सिलवानी के सभी सदस्य राहतगढ़ पहुंचे और श्रीमंत उपाधि के लिए चौधरी अशोक कुमार, मुकेश कुमार एवं संपूर्ण श्रीमंत परिवार का सम्मान किया।

सम्मान समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा श्रीमंत परिवार को सम्मान पत्र प्रदान किया गया तथा शाल और श्रीफल भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि चौधरी परिवार द्वारा निर्मित यह भव्य जिनालय न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत भी रहेगा। समाज के लिए समर्पित यह कार्य सेवा, त्याग और समर्पण की मिसाल है।
इस अवसर पर नगर की जैन समाज समिति के सभी सदस्य, पंचकल्याणक कमेटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने चौधरी परिवार की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और समाजसेवा के ऐसे ही कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह का समापन धार्मिक वातावरण और सामाजिक सौहार्द के साथ हुआ।