दमोह | दमोह–छतरपुर स्टेट हाईवे पर बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गेवलारी पुलिया के पास गुरुवार सुबह एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहां तीन ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक सड़क पर पलट गया, जबकि दूसरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। तीसरा ट्रक सड़क पर ही क्षतिग्रस्त हालत में खड़ा रह गया। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
हादसे के बाद मचा हड़कंप, हाईवे जाम
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रकों की टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हादसे के चलते दमोह–छतरपुर स्टेट हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई।

ब्रेकर पर ब्रेक लगाते ही पीछे से मारी टक्कर
हादसे में शामिल एक ट्रक के चालक मोहम्मद जलीश ने बताया कि वह रुदलपुर से बेंगलुरु की ओर माल लेकर जा रहा था। जैसे ही वह बटियागढ़ के पास गेवलारी पुलिया पर बने ब्रेकर के पास पहुंचा और ब्रेक लगाया, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसका ट्रक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से जा भिड़ा।
इस टक्कर के बाद जलीश का ट्रक सड़क पर पलट गया, जबकि सामने वाला ट्रक सीधे खाई में जा गिरा। पीछे से टक्कर मारने वाला तीसरा ट्रक सड़क पर ही रुक गया।
बड़ा हादसा टला, कोई जनहानि नहीं
टक्कर काफी जोरदार थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी भी ट्रक चालक को गंभीर चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई। जिस तरह से तीनों भारी वाहन आपस में टकराए, उससे एक बड़े हादसे की आशंका थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय आसपास कोई छोटा वाहन या बाइक होती, तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।
पुलिस मौके पर, ट्रक हटाने का काम जारी
घटना की सूचना मिलते ही बटियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए ट्रकों को सड़क से हटाने और यातायात सुचारू करने का काम शुरू कराया। क्रेन की मदद से पलटे ट्रक और खाई में गिरे ट्रक को हटाने की प्रक्रिया जारी रही, ताकि हाईवे पर जाम की स्थिति समाप्त की जा सके।
गेवलारी पुलिया बना जानलेवा ब्लैक स्पॉट
यह वही गेवलारी पुलिया है, जहां एक सप्ताह पहले गिट्टी से भरा एक डंपर पुलिया से नीचे गिर गया था। उस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गेवलारी पुलिया जिले के सबसे बड़े ब्लैक स्पॉट में शामिल है। यहां तेज रफ्तार, ब्रेकर और संकरी सड़क के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं और लोग अपनी जान गंवाते हैं।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद भी इस स्थान पर न तो पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही गति नियंत्रण के ठोस उपाय किए गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि गेवलारी पुलिया के पास स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, साइन बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय तत्काल किए जाएं, ताकि भविष्य में होने वाले हादसों को रोका जा सके।