विजय नगर में तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा को मारी टक्कर, 100 फीट तक घिसटती गई स्कूटी !

Spread the love

इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सयाजी चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने एक एक्टिवा को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा करीब 100 फीट तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में स्कूटी सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।


रात 2:30 बजे हुआ हादसा

विजय नगर पुलिस के अनुसार घटना गुरुवार रात करीब 2:30 बजे की है। एक्टिवा (MP20-SL-8410) सयाजी पेट्रोल पंप की ओर से चौराहे पर मुड़ रही थी। इसी दौरान बापट चौराहे से विजय नगर की ओर तेज रफ्तार से आ रही कार (MP13-CE-2080) ने सामने से टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद एक्टिवा और उस पर सवार दोनों युवक-युवती सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।


घायलों की पहचान

हादसे में घायल युवक की पहचान हर्ष सोनी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जबलपुर का रहने वाला है और वर्तमान में विजय नगर क्षेत्र में रहकर बैंकिंग की तैयारी कर रहा है। वहीं घायल युवती भवानी यादव सतना की रहने वाली है, जो स्कीम नंबर 78 में रहकर एक निजी कंपनी टास्क सोर्स में नौकरी करती है।

पुलिस के मुताबिक दोनों युवक-युवती अपने फ्लैट की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।


कार पर लिखा था ‘करणी सेना परिवार’

हादसे में शामिल कार पर ‘करणी सेना परिवार’ लिखा हुआ था, जिसे लेकर भी मौके पर चर्चा होती रही। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच दुर्घटना के एंगल से की जा रही है। कार चालक सुमित ठाकुर को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।


पुलिस कर रही जांच

विजय नगर पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आ रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घायलों के बयान दर्ज किए जाएंगे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर शहर में देर रात तेज रफ्तार वाहनों से बढ़ते सड़क हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *