दतिया।
जिले के इंदरगढ़ कस्बे में गिरधारी मार्केट स्थित मां शीतला ज्वेलर्स दुकान से चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंगलवार शाम ज्वेलरी खरीदने के बहाने आईं दो महिलाएं, जिनके साथ करीब तीन साल का एक बच्चा भी था, दुकान से करीब 200 ग्राम सोने के जेवरातों से भरा बॉक्स बड़ी चालाकी से चोरी कर फरार हो गईं। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो बुधवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जेवर देखने के बहाने रची साजिश
जानकारी के अनुसार गिरधारी मार्केट स्थित मां शीतला ज्वेलर्स के संचालक नरेश तिवारी की दुकान पर मंगलवार शाम दो महिलाएं पहुंचीं। उन्होंने सोने के जेवरात देखने की इच्छा जताई। दुकानदार ने जैसे ही सोने के गहनों से भरा बॉक्स काउंटर पर रखा, महिलाएं बातचीत और जेवर दिखाने के दौरान दुकानदार का ध्यान भटकाने में सफल रहीं। इसी दौरान मौका पाकर महिलाओं ने जेवरातों से भरा बॉक्स बड़ी सफाई से गायब कर दिया।

कुछ देर बाद जब दुकानदार ने बॉक्स को तलाशा तो वह काउंटर से गायब मिला। इसके बाद तुरंत आसपास मौजूद लोगों की मदद से महिलाओं की खोजबीन की गई, लेकिन तब तक वे बाजार से फरार हो चुकी थीं।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
घटना के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दोनों महिलाएं और उनके साथ मौजूद बच्चा साफ नजर आ रहे हैं। फुटेज में पूरी चोरी की वारदात रिकॉर्ड हो गई है। बुधवार रात यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
करीब 20 लाख रुपए के गहने चोरी
दुकान संचालक नरेश तिवारी के अनुसार चोरी हुए सोने के जेवरातों का वजन करीब 200 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई जा रही है। पीड़ित दुकानदार ने इंदरगढ़ थाने में आवेदन देकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई है और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले में इंदरगढ़ थाना प्रभारी गौरव शर्मा ने बताया कि पुलिस को आवेदन प्राप्त हो गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों महिलाओं की पहचान और तलाश की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी फुटेज भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि जांच पूरी होने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों में बढ़ी चिंता
इस वारदात के बाद गिरधारी मार्केट सहित आसपास के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से बाजार क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने भी व्यापारियों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है।