कलेक्टर संदीप आर की अभिनव पहल: ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा की शिक्षा !

Spread the love

सागर जिले में कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने नवाचार करते हुए देश में पहली बार विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। बमोरी बीका ग्राम में आयोजित इस ग्राम सभा में कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामवासियों को चेताया कि सड़क दुर्घटना में एक छोटी सी गलती पूरे परिवार को अंधकार में डाल सकती है। उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना अनिवार्य है।

कलेक्टर संदीप जी आर ने ग्रामवासियों को उदाहरण देते हुए बताया कि अक्सर दुर्घटना में मृतक परिवार का मुखिया होता है और उसकी मृत्यु से परिवार का जीवन प्रभावित होता है। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट और वाहन की समय-समय पर जांच करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि शाम 6 से 9 और रात 2 से 5 बजे के बीच वाहन चलाने से बचें और नशे में वाहन का संचालन कतई न करें।

विशेष ग्राम सभा में पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल ने भी सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए बताया कि राहवीर योजना के तहत घायल व्यक्ति को अस्पताल तक पहुँचाने वाले को ₹25,000 सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि दुर्घटना के समय कोई भी फोटो या वीडियो न लें, बल्कि घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाएं।

कार्यक्रम में डॉक्टर देवेश पटेरिया ने दुर्घटना में घायल व्यक्ति को बचाने के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घायल को शांत रखें, खून बहने पर चोट को साफ कपड़े से बांधें, सिर और गर्दन को स्थिर रखें और अगर जरूरत हो तो CPR दें। उन्होंने बताया कि वाहनों की उचित जांच और रख-रखाव, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग, और दोपहिया-चारपहिया वाहन चलाते समय नियमों का पालन दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोक सकता है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक के वी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन, एनएचएआई प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री सिद्धांत सिंघई, एसडीएम श्री अमन मिश्रा, नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

कलेक्टर संदीप जी आर ने बुंदेली भाषा में सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और सड़क सुरक्षा मित्रों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही ट्रैक्टर, ट्रॉली और टैंकर पर रेडियम की पट्टी लगाने का कार्य शुरू किया और निशुल्क हेलमेट का वितरण भी किया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर अमर जैन ने किया।

इस विशेष ग्राम सभा ने ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए व्यवहारिक उपायों की जानकारी दी, जिससे सागर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *