नगर के वार्ड क्रमांक-1 स्थित दुदेरा मोहल्ले में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद के बाद पति-पत्नी ने अलग-अलग तरीकों से आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना से पूरे मोहल्ले में शोक और सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जालम कुशवाहा के छोटे बेटे चिंतामन कुशवाहा (24) ने शनिवार को अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों और पत्नी मीरा कुशवाहा (22) ने घर के अंदर चिंतामन का शव फंदे पर लटका देखा, तो परिवार में कोहराम मच गया। पति की मौत का सदमा पत्नी मीरा सहन नहीं कर सकी। गहरे सदमे की हालत में वह घर से करीब 30 मीटर दूर स्थित एक कुएं तक पहुंची और उसमें छलांग लगा दी, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।

तीन माह पहले बना था परिवार, अब मासूम हुआ बेसहारा
दंपती का तीन माह का एक बेटा है, जो इस हादसे के बाद बेसहारा हो गया है। बताया जा रहा है कि मीरा करीब 10 दिन पहले ही मायके से ससुराल लौटी थी। पारिवारिक विवाद के कारण पति-पत्नी के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी, हालांकि आत्महत्या के पीछे के स्पष्ट कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
सूचना पर पहुंची पुलिस, कुएं से निकाला गया शव
घटना की जानकारी मिलते ही लिधौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले पति चिंतामन का शव फंदे से उतरवाया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से खटिया डालकर कुएं से मीरा कुशवाहा का शव बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जतारा भेजा।
मेहनत-मजदूरी कर चला रहा था परिवार
बताया गया कि चिंतामन कुशवाहा चाट का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। आर्थिक स्थिति सामान्य थी, लेकिन पारिवारिक कारणों से वह मानसिक तनाव में था।
मां भी कर चुकी थी आत्महत्या
स्थानीय लोगों के अनुसार यह परिवार पहले भी एक बड़ी त्रासदी झेल चुका है। चिंतामन की मां ने भी कुछ समय पहले जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। अब पति-पत्नी दोनों की मौत के बाद तीन माह का मासूम बच्चा पूरी तरह से बेसहारा हो गया है, जिसकी देखरेख फिलहाल परिजन कर रहे हैं।
पुलिस कर रही है जांच
लिधौरा पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों और पारिवारिक विवाद की पृष्ठभूमि की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और हर कोई मासूम बच्चे के भविष्य को लेकर चिंतित नजर आ रहा है।