सागर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पत्रकार साथियों की कलम की बाउंसर, शब्दों की गुगली और रिपोर्टर्स का रन रेट लोकतंत्र में चार चांद लगाता है। मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारा मध्यप्रदेश हमेशा से ही दमदार खिलाड़ियों और सशक्त पत्रकारों की धरती रहा है। प्रदेश के पत्रकारों ने अपनी निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता से देश और प्रदेश का नाम दिल्ली तक रोशन किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को भोपाल खेल पत्रकार संघ द्वारा ओल्ड कैंपियन ग्राउंड में आयोजित 31वें आईईएस–डिजिआना इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार लेखन नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने का माध्यम है। पंडित माखनलाल चतुर्वेदी और भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जैसे महान व्यक्तित्वों ने साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में जो योगदान दिया है, वह आज भी प्रेरणास्रोत और अनुकरणीय है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल खेल पत्रकार संघ द्वारा लगातार तीन दशकों से इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। यह टूर्नामेंट केवल खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि इसमें पत्रकारों के बीच आत्मीयता, सौहार्द और सहयोग की भावना भी देखने को मिलती है। क्रिकेट के मैदान पर प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ भाईचारे और आपसी संवाद का सुंदर उदाहरण इस आयोजन में देखने को मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं भी इस प्रतिष्ठित क्रिकेट टूर्नामेंट में लगातार तीसरी बार उपस्थित होकर “हैट्रिक” लगा रहे हैं, जो उनके लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने आयोजन को निरंतरता देने के लिए भोपाल खेल पत्रकार संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग, पूर्व विधायक श्री ध्रुव नारायण सिंह, वरिष्ठ पत्रकार श्री मृगेंद्र सिंह, श्री विजय दास, श्री तेजेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष श्री रवीन्द्र यति, सामाजिक कार्यकर्ता श्री राहुल कोठारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, खिलाड़ी, अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन की कामना करते हुए कहा कि पत्रकारों और खेल के इस संगम से समाज को सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है।