खुरई में भजन-कीर्तन बंद कराने को लेकर विवाद, घर पर पथराव; तीन युवकों पर केस दर्ज !

Spread the love

खुरई शहर में भजन-कीर्तन बंद कराने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। संत कंवरदास वार्ड स्थित भूतेश्वर रेलवे फाटक के पास रविवार रात तीन युवकों ने एक घर पर पथराव कर दिया। इस घटना में घर का सामान क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि घर में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

घर में चल रहा था भजन-कीर्तन

फरियादी गिरीश जैन (46) ने खुरई शहरी थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि रविवार रात उनके घर में भजन-कीर्तन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान दीपक साहू, सौरभ यादव और दीपेश यादव वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों शराब के नशे में थे और उन्होंने भजन-कीर्तन बंद करने को कहा।

मना करने पर की गाली-गलौज और पथराव

गिरीश जैन के अनुसार जब उन्होंने भजन-कीर्तन बंद करने से मना किया, तो तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने घर के बाहर से पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे घर का सामान टूट गया। गनीमत रही कि घर में मौजूद किसी भी सदस्य को चोट नहीं आई।

डायल 112 पर दी गई सूचना

घटना के दौरान गिरीश जैन ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गए।

तीनों आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला

गिरीश जैन की शिकायत के आधार पर खुरई शहरी थाने में दीपक साहू, सौरभ यादव और दीपेश यादव के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 296(ए), 351(3), 324(3) और 2023(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी का बयान

खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की सतर्कता से स्थिति नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *