सागर। सागर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सोमवार को उस समय अनोखा और चौंकाने वाला दृश्य देखने को मिला, जब एक युवक न्याय की गुहार लगाने सब्जी लेकर पहुंचा और कार्यालय परिसर में तिरपाल बिछाकर सब्जी की दुकान ही सजा ली। युवक का आरोप है कि उसका सब्जी का हाथठेला जबरन छीन लिया गया और थाने में शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
एसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित युवक की पहचान कौशल राठौर, निवासी गुलाब कॉलोनी के रूप में हुई है। कौशल ने बताया कि उसने 2 जुलाई को अशोक यादव नामक व्यक्ति से 6 हजार रुपए में एक सब्जी का हाथठेला खरीदा था। यह सौदा आपसी सहमति से मौखिक रूप में हुआ था, जिसके बाद उसने रुपए देकर हाथठेला ले लिया और उसी से सब्जी बेचकर अपनी आजीविका चलाने लगा।

पीड़ित का आरोप है कि 16 दिसंबर को अशोक यादव अपने कुछ साथियों के साथ उसके पास आया। आरोप है कि उन्होंने हाथठेले पर रखी सब्जियां नीचे फेंक दीं, गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की। इसके बाद आरोपी हाथठेला जबरन उठाकर अपने साथ ले गए।
कौशल राठौर ने इस घटना की शिकायत गोपालगंज थाने में दर्ज कराई, लेकिन उसका आरोप है कि पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। युवक का कहना है कि पुलिस मौके पर पहुंची और हाथठेला देख भी लिया, लेकिन उसे वापस दिलाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। इसी से आहत और परेशान होकर वह न्याय की उम्मीद में सब्जी लेकर एसपी कार्यालय पहुंच गया और परिसर में ही दुकान लगाकर विरोध जताने लगा।

युवक ने साफ कहा कि जब तक उसकी समस्या का समाधान नहीं होगा, वह वहीं बैठा रहेगा। एसपी कार्यालय परिसर में इस तरह के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक से बातचीत की। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच कर हाथठेला वापस दिलाने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद युवक ने अपना विरोध समाप्त किया और स्थिति सामान्य हो गई। इस घटना ने एक बार फिर आम नागरिकों की समस्याओं और उनकी सुनवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।