दमोह।
दमोह कोतवाली पुलिस ने जिला अस्पताल से चोरी हुई बाइक के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो चोरी की बाइक बरामद की गई हैं। मंगलवार शाम पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।
डायलिसिस यूनिट के टेक्नीशियन की बाइक चोरी हुई थी
मामला 3 जनवरी का है, जब जिला अस्पताल की डायलिसिस यूनिट में टेक्नीशियन के रूप में पदस्थ अनिल पटेल की बाइक शाम 6 बजे चोरी हो गई थी। बाइक चोरी की पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।
पीड़ित ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी तथा सीसीटीवी फुटेज को सोशल मीडिया पर भी साझा किया, जिससे मामले को काफी सुर्खियां मिलीं।
दैनिक भास्कर की खबर के बाद पुलिस हुई सक्रिय
दैनिक भास्कर में मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की। फुटेज में दिख रहे हुलिए के आधार पर संदिग्धों की पहचान प्रक्रिया शुरू की गई।
एक संदिग्ध से पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान शंभू बंसल (28), पिता चोखेलाल बंसल, निवासी बांसा तारखेड़ा, दमोह के रूप में हुई।

आरोपी ने बाइक चोरी की बात कबूली
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी शंभू बंसल ने जिला अस्पताल से कर्मचारी की बाइक चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि उसने वर्ष 2024 में मिशन अस्पताल दमोह से भी एक बाइक चोरी की थी।
पुलिस ने दोनों बाइक आरोपी के कब्जे से जब्त कर लीं।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया
बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 379 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और मंगलवार शाम न्यायालय में प्रस्तुत किया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और उससे पूछताछ जारी रहेगी ताकि यह पता चल सके कि उसने और भी वाहन चोरी की घटनाएं तो नहीं की हैं।