दमोह।
दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में चोरों ने सोमवार देर रात एक शराब दुकान को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान के पास बने गोदाम का शटर तोड़कर अंदर घुसे और करीब 80 से 100 पेटी शराब चोरी कर फरार हो गए। चोरी का पता मंगलवार सुबह स्टाफ के पहुंचने पर चला, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
रात 1 बजे के बाद घटना को दिया अंजाम
शराब दुकान के मैनेजर आशीष राय ने बताया कि घटना रात लगभग 1 बजे के बाद की है। चोरों ने सुनसान समय का फायदा उठाते हुए गोदाम का शटर तोड़ा और भीतर रखी महंगी शराब की पेटियां उठा ले गए।
घटना को इतने सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया कि चोरों के भीतर घुसने या बाहर निकलने की किसी तरह की आवाज आसपास किसी को सुनाई नहीं दी।
सुबह कर्मचारी पहुंचे तो खुला मिला शटर, उड़ गए होश
मंगलवार सुबह जब कर्मचारी दुकान और गोदाम खोलने पहुंचे, तो शटर टूटा हुआ और गोदाम खुला मिला।
अंदर जाकर देखा तो शराब की पेटियां गायब थीं। तत्काल इसकी सूचना मैनेजर को दी गई और पुलिस को खबर की गई।

पुलिस मौके पर पहुंची, स्टॉक का मिलान जारी
सूचना मिलते ही नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने गोदाम की जांच की और दुकान में रखे स्टॉक रजिस्टर, सीसीटीवी और अन्य रिकॉर्ड को खंगालना शुरू किया।
फिलहाल स्टॉक का मिलान किया जा रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि
- कुल कितनी पेटियां चोरी हुईं
- कितनी कीमत का नुकसान हुआ
- किस ब्रांड की शराब चोरी हुई
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
टीम आस-पास के इलाकों, हाईवे और संभावित रूट के सीसीटीवी फुटेज भी जांच रही है।
पुलिस का कहना है कि चोरी बड़ी मात्रा में हुई है, इसलिए कई लोगों के गिरोह के शामिल होने की संभावना है।
चोरों की तलाश तेज
पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी है और शराब को अवैध रूप से बेचने या परिवहन करने वालों की भी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का अनुमान है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब ले जाने के लिए बोलेरो पिकअप या अन्य बड़े वाहन का इस्तेमाल किया गया होगा।