भोपाल PHQ के सामने गौ मांस से भरा ट्रक पकड़े जाने के मामले में प्रशासनिक कार्रवाई शुरू !

Spread the love

भोपाल: राजधानी भोपाल में बुधवार रात PHQ (Police Headquarters) के सामने गौ मांस से भरे एक ट्रक के पकड़े जाने के मामले में अब प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। जांच रिपोर्ट के अनुसार, संदिग्ध मांस में गौ मांस होने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद निगम प्रशासन द्वारा संबंधित स्लॉटर हाउस पर कार्रवाई की जा रही है।

इस बीच, बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता कमिश्नर कार्यालय के बाहर मौजूद हैं और जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं। हिंदू संगठनों का आरोप है कि जांच रिपोर्ट में गौ मांस होने की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन पुलिस प्रशासन ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और पुष्टि नहीं की है।

स्लॉटर हाउस के संचालक से पूछताछ

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अंतिम रिपोर्ट और विधिक प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी। इधर, मामले में स्लॉटर हाउस के संचालक असलम चमड़ा को हिरासत में लिया गया है। उससे मांस की सप्लाई चेन, पैकिंग और परिवहन से जुड़े सभी बिंदुओं पर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

मामले के अनुसार, बुधवार रात हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने PHQ के सामने एक ट्रक को घेराबंदी कर रोक लिया था। ट्रक में बड़ी मात्रा में संदिग्ध मांस के पैकेट पाए गए थे। आरोप है कि यह मांस हैदराबाद और मुंबई होते हुए विदेश भेजने की तैयारी में था।

प्रशासन और पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इस घटना ने राजधानी में नागरिक सुरक्षा और संवेदनशील मुद्दों पर प्रशासन की सतर्कता की आवश्यकता को फिर उजागर किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *