इंदौर: अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एप्पल कंपनी का लोगो लगाकर नकली मोबाइल और एक्सेसरीज बेचने वाले पांच व्यापारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अन्नपूर्णा पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर लाखों रुपए मूल्य का नकली सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गर्फिन इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी सर्विस मुंबई की शिकायत के आधार पर की गई। कंपनी के मैनेजर विशाल सिंह जडेजा ने बताया कि उनकी एजेंसी भारत में एप्पल कंपनी के प्रोडक्ट्स से जुड़े मामलों की निगरानी करती है। इंदौर में कुछ व्यापारियों ने एप्पल का नाम और लोगो लगाकर नकली मोबाइल और एक्सेसरीज बेचने शुरू कर दी थीं, जिससे कंपनी की साख को नुकसान पहुंच रहा था।
छापेमारी और जब्ती
शिकायत के आधार पर पुलिस ने विशाल सिंह की टीम के साथ संयुक्त रूप से विभिन्न दुकानों पर छापेमारी की। जब्त किए गए सामान में नकली मोबाइल फोन, चार्जर, केबल और अन्य एसेसरीज शामिल हैं, जिन पर एप्पल कंपनी का लोगो लगा हुआ था।
छापेमारी में पकड़े गए प्रमुख प्रतिष्ठान और जब्त सामान की सूची इस प्रकार है:

- ओसी मोबाइल, संचालक अमन तलरेजा, प्रभुनगर – 80,500 रुपए का नकली माल
- फोन क्राफ्ट, संचालक मोहित सिगोरिया, मरीमाता का बगीचा – 17,000 रुपए का सामान
- एक्सक्लूसिव शॉप, संचालक योगेश सिंघानी, सुदामा नगर – 2,66,000 रुपए का माल
- एसआर मोबाइल, संचालक विशाल मोटवानी, वंदना अपार्टमेंट, सिल्वर पैलेस कॉलोनी – 2 लाख रुपए से अधिक का सामान
- ए वन कलेक्शन, संचालक कानतेश चुग, द्वारकापुरी – हजारों रुपए का नकली माल
पुलिस जांच और कार्रवाई
अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने सभी पांच आरोपियों – अमन तलरेजा, मोहित सिगोरिया, योगेश सिंघानी, विशाल मोटवानी और कानतेश चुग – के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि नकली ब्रांडेड सामान की बिक्री पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी तरह की कानूनी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस ने दुकानदारों और ग्राहकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के नकली ब्रांडेड सामान की बिक्री या खरीद की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।