सागर
कलेक्टर श्री संदीप जी आर के आदेशानुसार और सहायक आयुक्त आबकारी श्रीमती कीर्ति दुबे के निर्देशन में आबकारी विभाग ने बण्डा क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब निर्माण के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की। यह कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री अशोक दवे के नेतृत्व में 7 जनवरी को की गई।
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने थाना शाहगढ़ क्षेत्रांतर्गत चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी, जहां बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाने की सामग्री और कच्ची मदिरा बरामद हुई।

हीरापुर–तिगोड़ा जंगल से 21 लीटर कच्ची मदिरा और 450 किलो महुआ लाहन जब्त
आबकारी टीम ने हीरापुर और तिगोड़ा के बीच स्थित जंगल में छापेमारी कर 21 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची मदिरा और 450 किलो महुआ लाहन बरामद किया। लाहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया।
अमरमऊ इलाके में दो स्थानों से 810 किलो महुआ लाहन जब्त
ग्राम अमरमऊ में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई—
- 51 कुप्पों में करीब 510 किलो महुआ लाहन
- नहर किनारे से लगभग 300 किलो महुआ लाहन
दोनों स्थानों से बरामद लाहन को नष्ट कर सैंपल जांच हेतु सुरक्षित लिया गया।

वार्ड क्रमांक 15 से 3400 किलो महुआ लाहन बरामद
वार्ड नंबर 15 में की गई बड़ी कार्रवाई के दौरान 340 कुप्पों में लगभग 3400 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया। अवैध शराब निर्माण का यह बड़ा अड्डा लंबे समय से सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
लाहन का नमूना लिया गया और शेष मात्रा मौके पर नष्ट कर दी गई।
कुल बरामदगी का अनुमानित मूल्य 4.70 लाख रुपए
पूरी कार्रवाई में बरामद कच्ची मदिरा और महुआ लाहन का कुल अनुमानित मूल्य ₹4,70,200 आंका गया है। सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आगे की कार्रवाई जारी
आबकारी विभाग ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत संबंधित थाना या आबकारी विभाग को दें।