सागर में बिटकॉइन और पिनको कंपनी के नाम पर बड़ा साइबर फ्रॉड, युवक से 2.40 लाख की ठगी !

Spread the love

सागर।
मोतीनगर थाना क्षेत्र में एक युवक को बिटकॉइन और ‘पिनको कंपनी’ में बड़ी कमाई का लालच देकर 2.40 लाख रुपए की धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया। ठग ने टेलीग्राम लिंक भेजकर ऑनलाइन निवेश करने का झांसा दिया और बढ़ते मुनाफे का प्रलोभन देकर फरियादी से लगातार रकम ट्रांसफर कराई। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टेलीग्राम लिंक से शुरू हुई ठगी

फरियादी विपिन सोनी, निवासी मोहन नगर वार्ड, ने बताया कि 1 जनवरी को टेलीग्राम पर ‘नेहा अग्रवाल’ नामक यूजर ने उनसे संपर्क किया और पिनको कंपनी में 30 हजार निवेश करने पर 39 हजार लौटाने का दावा किया। लालच में आकर विपिन ने 30 हजार रुपए ऑनलाइन भेज दिए।

इसके बाद ठग ने बिटकॉइन में भी निवेश कराने का झांसा दिया और फिर 1.60 लाख रुपए और जमा करा लिए। फरियादी ने अलग-अलग बैंक खातों में यह रकम ट्रांसफर की।

राशि लौटाने का झांसा, बाद में संपर्क तोड़ा

विपिन ने बताया कि कुल 2.40 लाख रुपए जमा कराने के बाद भी उन्हें पैसा वापस नहीं मिला। जब संपर्क किया तो ठग ने और 2.45 लाख रुपए जमा करने पर पूरी राशि लौटाने का नया झांसा दिया। बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

6 जनवरी को शिकायत आवेदन देने के बाद पुलिस ने जांच की और बुधवार रात मोतीनगर थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस अब ट्रांजेक्शन खातों, टेलीग्राम यूजर की पहचान और मोबाइल नंबर के आधार पर ठगों का पता लगा रही है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, ऐप या उच्च रिटर्न वाली स्कीम पर भरोसा न करें और तुरंत साइबर सेल को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *