खुरई में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पहला दौरा, तैयारियों में जुटा प्रशासन !

Spread the love

सागर जिले के खुरई विधानसभा क्षेत्र में 10 जनवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगमन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री बनने के बाद डॉ. यादव का यह खुरई विधानसभा क्षेत्र का पहला दौरा होगा, जिसे लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

खुरई में हेलीपैड, सभास्थल, रोड शो मार्ग और पार्किंग स्थलों पर युद्धस्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। तैयारियों की समीक्षा के लिए पूर्व मंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह की उपस्थिति में संभाग आयुक्त अनिल सुचारी, पुलिस महानिरीक्षक हिमानी खन्ना, कलेक्टर संदीप जीआर और पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।

संभाग आयुक्त अनिल सुचारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि सभा में आने वाले नागरिकों को कम से कम पैदल चलना पड़े, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएं। हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल और रोड शो के दौरान एम्बुलेंस और डॉक्टरों की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए, वहीं सभी प्रमुख स्थलों पर फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पार्किंग स्थलों पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें और कार्यक्रम स्थल, पार्किंग एवं हेलीपैड की व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं। पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, यातायात और पार्किंग की समुचित व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक के सड़क मार्ग को आवागमन की दृष्टि से पूरी तरह साफ और सुगम रखने के लिए कहा गया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं रोड शो के दौरान सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

पुलिस महानिरीक्षक हिमानी खन्ना ने निर्देश दिए कि रोड शो के दौरान रास्ता पार्टी की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए और ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे मार्ग की निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए रोड शो मार्ग पर मौजूद अस्थायी निर्माणों को तत्काल हटाया जाए। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से बिजली लाइनों की जांच कर आवश्यकता अनुसार उन्हें ऊंचाई पर शिफ्ट किया जाए और पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग की जाए।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। मुख्यमंत्री के पहले दौरे को लेकर खुरई क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *