इंदौर में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार ट्रक में घुसी, तीन युवकों की मौत, एक युवती गंभीर घायल !

Spread the love

इंदौर में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों में पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन और कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल का बेटा प्रखर कासलीवाल शामिल हैं। हादसे के बाद शहर में शोक की लहर फैल गई है।

यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 5:15 बजे रालामंडल थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस के अनुसार, ग्रे रंग की नेक्सन कार (क्रमांक MP13 ZS 8994) तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

डीसीपी कृष्ण लाल चंदानी ने बताया कि कार में चार युवक-युवतियां सवार थे। इनमें प्रेरणा बच्चन (26), प्रखर कासलीवाल (25), मानसंधु (26) और अनुष्का राठी शामिल थे। कार प्रखर कासलीवाल चला रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारों युवक-युवती कोको फार्म में प्रखर का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे और सभी शराब के नशे में थे। नशे की हालत में कार अनियंत्रित हो गई और सीधे ट्रक में जा घुसी।

हादसे में प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल और मानसंधु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनुष्का राठी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस को कार से शराब की बोतल भी बरामद हुई है।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया और यातायात बहाल कराया। सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री बाला बच्चन एमवाय अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने मृत बेटी प्रेरणा के शव को देखा। अस्पताल परिसर में परिजनों और परिचितों का जमावड़ा लग गया।

पुलिस के अनुसार, कार सवार चारों युवक-युवती इंदौर के ही रहने वाले थे। प्रेरणा बच्चन नर्मदा भवन के पास स्कीम नंबर 74 की निवासी थी। उसने मुंबई से एमबीए किया था और वर्तमान में इंदौर में रहकर MPPSC की तैयारी कर रही थी। प्रखर कासलीवाल तिलक नगर का निवासी था और कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल का बेटा था। मानसंधु भंवरकुआं क्षेत्र का रहने वाला था, जिसके परिवार का ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय है। घायल अनुष्का राठी रॉयल अमर ग्रीन की निवासी बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *