खिमलासा में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार और राहगीर को कुचला, दो की मौके पर मौत !

Spread the love

खिमलासा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीना रोड पर गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कृषि उपज मंडी के पास तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे चल रहे एक राहगीर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान बसाहरी निवासी प्रमोद अहिरवार (35) और राजू उर्फ पप्पू आदिवासी (58) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रमोद अहिरवार खिमलासा से घरेलू सामान खरीदकर अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। वहीं राजू उर्फ पप्पू आदिवासी पैदल बीना रोड से होते हुए ईंट भट्टे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार अनियंत्रित हो गई और दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद कार सड़क से नीचे उतर गई और झाड़ियों में जा फंसी। हादसे में कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक कार के अंदर ही फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही खिमलासा पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए।

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार का गेट तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। कार चालक अजीत लोधी (35) गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। कार में सवार एक अन्य युवक राघवेंद्र उर्फ डल्लू राजपूत सुरक्षित बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार सवार युवक शराब के नशे में थे और तेज रफ्तार के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाए। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक नशे में था या नहीं।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को बीना सिविल अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवा दिया है। शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां शोक और आक्रोश का माहौल बना रहा।

खिमलासा पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी का खुलासा हो सकेगा। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *