इंदौर जिले के महू क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मानपुर भेरू घाट पर घाट की ढलान उतरते समय एक के बाद एक सात वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में ट्रक और गैस टैंकर कारों पर चढ़ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घाट की ढलान पर उतरते वक्त सबसे पहले एक ट्रॉला और कार के बीच टक्कर हुई। इसके बाद पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रक और गैस टैंकर ने संतुलन खो दिया और आगे खड़ी कारों पर चढ़ गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक पिकअप वाहन उछलते हुए सीधे कार पर जा गिरा।

हाईवे पर मचा हड़कंप
दुर्घटना के बाद मुंबई-आगरा स्टेट हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं यातायात बहाली का कार्य शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया।
पुलिस ने बताया, कोई जनहानि नहीं
मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र हीहोर ने बताया कि भेरू घाट पर कई वाहनों के आपस में टकराने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा ढलान पर ब्रेक फेल या अचानक ब्रेक लगने के कारण हुआ हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि कुछ वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।

जांच जारी
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही घाट वाले मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित रखने और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की बात कही जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर घाटी मार्गों पर सावधानी से वाहन चलाने की जरूरत को रेखांकित कर दिया है।