खंडवा: पुनासा में हथियारबंद बदमाशों ने ज्वैलर्स से 2 करोड़ की लूट, व्यापारी गंभीर घायल !

Spread the love

खंडवा। पुनासा कस्बे के सोलंकी मार्केट स्थित कृष्णा ज्वैलर्स से शुक्रवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी लूट की। घटना साप्ताहिक हाट बाजार और कालसन माता मेले की भीड़ में हुई। बदमाशों ने 900 ग्राम सोना, 80 किलो चांदी और करीब 1 लाख रुपए नकद लूट लिए। व्यापारी राकेश सोनी के मुताबिक लूटी गई ज्वेलरी की कीमत 2 करोड़ रुपए से अधिक आंकी जा रही है।

लूट की घटना:
व्यापारी राकेश सोनी दुकान बंद करके ज्वैलरी को दो बैग में रखकर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान 7 बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने लाठी-पत्थर और धारदार हथियारों से मारपीट की और बैग लेकर फरार हो गए। आरोपियों के पास देसी कट्टा भी था।

सीसीटीवी फुटेज में बदमाश भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पीछा करने पर फायरिंग:
लूट के बाद बदमाश धाराजी रोड की ओर भागे। दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग दुकानों के शटर गिराकर अंदर छिप गए।

व्यापारी की हालत गंभीर:
हमले में राकेश सोनी को सिर, पैर और प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें सनावद अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार अंदरूनी चोटें गहरी हैं और वे निगरानी में हैं।

पुलिस कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलते ही एसपी मनोज राय और ग्रामीण एएसपी राजेश रघुवंशी मौके पर पहुंचे। धाराजी रोड पर नाकाबंदी कर दी गई है। आसपास के गांवों और जंगल क्षेत्रों में सर्चिंग जारी है। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और वाहनों की सघन जांच की जा रही है। गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर बदमाशों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे संदिग्ध लोगों या वाहनों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *