स्व. राकेश सिरोठिया की स्मृति में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट शनिवार को रोमांच और भावनाओं से भरपूर रहा। यह टूर्नामेंट मुंगावली के राहुल सेन उर्फ टाइगर के लिए हमेशा यादगार बन गया, जब उन्होंने दर्शक दीर्घा में खड़े होकर बाउंड्री के बाहर एक हाथ से शानदार कैच पकड़ा। इस अद्भुत कैच पर आयोजन समिति ने उन्हें 1 लाख 50 हजार रुपए का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
पुरस्कार लेते समय राहुल सेन भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि रविवार को उनके बेटे का जन्मदिन है और वे उसे धूमधाम से मनाने की इच्छा रखते थे। कैच पकड़कर उनकी यह इच्छा पूरी हो गई। उन्होंने बताया कि मिली हुई इनामी राशि वे अपने बेटे को उपहार देने और जन्मदिन समारोह में खर्च करेंगे। मैदान पर मौजूद दर्शकों ने राहुल के जज्बे और खेल भावना की जमकर सराहना की।
मैचों में दिखा जबरदस्त रोमांच
शनिवार को टूर्नामेंट के तहत तीन मुकाबले खेले गए। पहले मैच में चंदेरी और केसीसी बीना की टीमें आमने-सामने थीं। चंदेरी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की, लेकिन टीम 8 ओवर में सिर्फ 48 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केसीसी बीना की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 3 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया।

दूसरा मैच फ्यूचर स्टार और विजेता अशोक नगर के बीच खेला गया। अशोक नगर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 107 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में फ्यूचर स्टार की टीम संघर्ष करती नजर आई और 83 रन ही बना सकी। इस तरह अशोक नगर ने यह मुकाबला 24 रनों से जीत लिया।
तीसरे मैच में रोमांच चरम पर
तीसरा मुकाबला केसीसी बीना और विजेता अशोक नगर के बीच खेला गया। अशोक नगर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। केसीसी बीना ने निर्धारित 10 ओवर में 106 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अशोक नगर की टीम 84 रन पर ऑलआउट हो गई और मुकाबला केसीसी बीना के नाम रहा।
इसी मैच में राहुल सेन अशोक नगर टीम की ओर से खेल रहे थे। आउट होने के बाद वे दर्शक दीर्घा में खड़े हो गए। तभी उनकी ही टीम के एक खिलाड़ी ने लंबा छक्का लगाया, जिसे राहुल ने बाउंड्री के बाहर खड़े होकर एक हाथ से लपक लिया। यह नजारा देख दर्शक झूम उठे और आयोजन समिति ने तुरंत उन्हें डेढ़ लाख रुपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा कर दी।
श्रद्धांजलि के साथ हुआ मैच का शुभारंभ
मैच शुरू होने से पहले भाजपा शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया, मनोज शर्मा, निमेष अग्रवाल, यश ओझा, अभिषेक बैरागी, अकरम यादव, किम्मी यादव, वसीम सिक्का, नंदकिशोर चौधरी, सोनू समैया, प्रेमनारायण बबेले, रमेश जड़िया, मोहित पाठक, हेमंत सिरोठिया और राकेश बिलगैया सहित अन्य अतिथियों ने स्व. राकेश सिरोठिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और टूर्नामेंट का शुभारंभ किया।
स्व. राकेश सिरोठिया की स्मृति में आयोजित यह क्रिकेट टूर्नामेंट न सिर्फ खेल प्रतिभा को मंच दे रहा है, बल्कि खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए यादगार पल भी रच रहा है।