सागर में शीतलहर में राहत, तापमान में हुई बढ़ोतरी !

Spread the love

सागर में जनवरी के दूसरे सप्ताह में मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले कुछ दिनों से जारी कड़ाके की ठंड और शीतलहर से लोग अब राहत महसूस कर रहे हैं। पिछले 24 घंटों में जिले के न्यूनतम तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

वर्तमान में शहर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। रविवार सुबह से ही मौसम साफ रहा और तेज धूप के कारण ठंड का असर काफी कम हो गया।


हवा के रुख में बदलाव से कम हुई नमी

मौसम विभाग के अनुसार, हवा के रुख में आए बदलाव के कारण वातावरण में नमी तेजी से कम हो रही है। सप्ताह की शुरुआत में सुबह के समय नमी का स्तर 97% था, जो शनिवार को गिरकर 63% रह गया। नमी में कमी और आसमान साफ रहने के कारण धूप तेज हुई। रविवार को दिन बढ़ने के साथ धूप की गर्मी में बढ़ोतरी हुई, जिससे लोगों को कंपकंपा देने वाली ठंड से राहत मिली।


अगले हफ्ते तापमान में गिरावट की संभावना

मौसम वैज्ञानिक डॉ. विवेक छलोत्रे ने बताया कि वर्तमान में हवा के रुख में बदलाव और एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर के कारण तापमान में यह उछाल आया है। अगले 48 घंटों तक तापमान में स्थिरता बनी रह सकती है।

लेकिन अगले हफ्ते उत्तर भारत से आने वाली बर्फीली हवाओं का दौर फिर शुरू होगा। इसके चलते न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट की संभावना है। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है।

वन विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह और रात के समय ठंड के कारण बाहर निकलते समय पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें और बुजुर्ग तथा बच्चों का विशेष ध्यान रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *