पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व क्षेत्रीय जनता का जताया आभार !

Spread the love

सागर। मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने खुरई विधानसभा क्षेत्र को लगभग 950 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित ये विकास कार्य खुरई विधानसभा क्षेत्र की आधारभूत संरचना को नई दिशा देंगे और क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगे।

पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रथम खुरई आगमन के अवसर पर आयोजित रोड-शो एवं आमसभा को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए खुरई विधानसभा क्षेत्र की समस्त जनता का आत्मीय आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जिस उत्साह, अनुशासन और अपनत्व के साथ जनता ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया, वह खुरई की एकजुटता और विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

विकास यात्रा को मिलेगी नई गति

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा खुरई के लिए स्वीकृत विकास कार्यों से क्षेत्र की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से आमजन के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में खुरई विधानसभा क्षेत्र प्रदेश के अग्रणी विकासशील क्षेत्रों में शामिल होगा।

सफल आयोजन के लिए सभी का जताया आभार

पूर्व गृहमंत्री एवं विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कार्यक्रम को निर्विघ्न, अनुशासित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए समस्त जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारियों, पुलिस बल, तथा व्यवस्था में लगे भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास, बेहतर समन्वय और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली के कारण यह विशाल आयोजन ऐतिहासिक रूप से सफल हो सका।

जनता के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प

भूपेन्द्र सिंह ने खुरई की जनता के विश्वास के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सहयोग से खुरई विधानसभा क्षेत्र को निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *