बीना। किर्रोद गांव के आगे शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार से आए अज्ञात भारी वाहन ने पैदल जा रहे युवक को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मृतक की पहचान करना भी पुलिस के लिए चुनौती बन गया। रविवार सुबह जैसे ही घटना की सूचना गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और आक्रोश जताते हुए सड़क पर जाम लगा दिया।
मृतक की पहचान राकेश अहिरवार (30) के रूप में हुई
जानकारी के अनुसार रात में यह घटना हुई। मृतक की पहचान देहरी निवासी राकेश अहिरवार (30) के रूप में की गई है। ग्रामीणों के अनुसार राकेश खेत में सिंचाई का काम पूरा करने के बाद पैदल ही घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। वाहन का पहिया उसके सिर पर से गुजर जाने के कारण उसकी मौत मौके पर ही हो गई।

रविवार सुबह तक राकेश का शव सड़क पर क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा रहा। राहगीरों ने शव को देखकर पुलिस को सूचना दी। आगासौद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों का आक्रोश, चार घंटे तक लगा रहा जाम
जैसे ही ग्रामीणों को हादसे की जानकारी मिली, सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया और आगासौद–बीना मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार नहीं किया जाता और उसकी पहचान उजागर नहीं होती, तब तक शव नहीं उठाने देंगे।

मौके पर आगासौद थाना प्रभारी नितिन पाल और खिमलासा थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल दल-बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी, कार्रवाई का आश्वासन दिया और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे। लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम खुल सका।
राकेश को देखने जा रहे युवक की भी मौत
हादसा यहीं नहीं रुका। इसी घटना के कारण एक और युवक ने अपनी जान गंवा दी। जानकारी के अनुसार देहरी निवासी आकाश को सुबह सूचना मिली कि राकेश दुर्घटना में घायल हो गया है। वह तत्काल बाइक से स्थान पर पहुंचने निकला। रास्ते में अंडरब्रिज के पास बाइक असंतुलित होने से आकाश गिर गया और गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आकाश के शव को मर्चुरी में रखवा दिया है और मामले की जांच जारी है।

गांव में मातम, परिवारों में कोहराम
लगातार दो मौतों ने देहरी गांव और आसपास के इलाके को शोक में डूबा दिया है। ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सड़क पर रात में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और पुलिस निगरानी की कमी के कारण ऐसे हादसे बढ़ते जा रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।