छतरपुर। जिले में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए रविवार को कार्रवाई की। बिजावर कस्बे स्थित पांडेय मोहल्ला की एक किराना दुकान पर छापेमारी कर पुलिस ने 13 गिट्टा चाइनीज मांझा जब्त किया। कलेक्टर द्वारा जिले में चाइना मांझा की बिक्री और उपयोग पर पहले से ही प्रतिबंध लगाया गया है तथा इसके बावजूद इसकी बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस अब विशेष कार्रवाई कर रही है।
कलेक्टर और एसपी ने जारी की थी सख्त एडवाइजरी
जिले में चाइनीज मांझा पर पूर्णत: प्रतिबंध है। कलेक्टर के आदेश के अलावा पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने भी यातायात और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोगों को सावधानियों की हिदायत दी थी। चाइनीज मांझा न केवल मानव जीवन बल्कि पशु-पक्षियों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बनता है।

चूंकि इसमें कांच और धातु के तत्व शामिल होते हैं, इसलिए पतंग उड़ाते समय आने-जाने वाले लोगों की गर्दन और हाथों पर गहरे घाव हो जाते हैं। इसी कारण इसकी खरीद, बिक्री और उपयोग पूर्णत: गैरकानूनी है।
सूचना पर बिजावर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
बिजावर थाना पुलिस को सूचना मिली कि पांडेय मोहल्ला स्थित एक किराने की दुकान में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचा जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हर्ष राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दुकान से 13 गिट्टा चाइनीज मांझा बरामद किया गया। पुलिस ने तत्काल विक्रेता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी हर्ष राठौर के साथ सहायक उप निरीक्षक के एल बेन, प्रधान आरक्षक जुगल सूत्रकार, राजेंद्र सिंह, आरक्षक अमित सिंह, प्रदीप और अन्य पुलिस कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस की अपील—अवैध मांझा से दूर रहें
छतरपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे प्रतिबंधित चाइनीज मांझा का न तो उपयोग करें और न उसकी खरीद-बिक्री करें। यह कानूनन अपराध है और इससे जीवन पर गंभीर खतरा होता है।
पुलिस ने आगे कहा—
“यदि किसी व्यक्ति को कहीं भी चाइनीज मांझा बेचे जाने या उपयोग की जानकारी मिलती है, तो तुरंत छतरपुर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 7049101021 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।”