युवा दिवस पर जबलपुर में सामूहिक सूर्य नमस्कार, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा होंगे मुख्य अतिथि !

Spread the love

जबलपुर।
मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार स्वामी विवेकानंद जी के जन्मदिन युवा दिवस के अवसर पर जबलपुर के लज्जा शंकर झा मॉडल स्कूल में सामूहिक सूर्य नमस्कार का भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के जगदीश देवड़ा (उप मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके साथ ही जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी सहभागिता करेंगे।

सुबह 9 बजे से शुरू होगा आयोजन

युवा दिवस पर सुबह 9 बजे से मॉडल स्कूल के मैदान में विद्यार्थियों का एकत्रीकरण प्रारंभ होगा। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के मुख्य आतिथ्य में छात्र-छात्राएं योग एवं सूर्य नमस्कार हेतु निर्धारित स्थल पर उचित दूरी के साथ पंक्तिबद्ध होकर स्थान ग्रहण करेंगे।

माल्यार्पण से होगा शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से किया जाएगा। इसके पश्चात मुख्य अतिथि व अन्य आमंत्रित अतिथियों का स्वागत होगा।

आकाशवाणी से संदेश और राष्ट्रगीत

सुबह 9.30 बजे से आकाशवाणी के माध्यम से राष्ट्रगीत वंदेमातरम्, स्वामी विवेकानंद जी की वाणी तथा डॉ. मोहन यादव के संदेश का प्रसारण किया जाएगा। इसके बाद सूर्य नमस्कार और प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास कराया जाएगा।

10.30 बजे होगा समापन

जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का समापन सुबह 10.30 बजे किया जाएगा।

जिले की सभी शिक्षण संस्थाओं में भी आयोजन

जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने जानकारी दी कि स्वामी विवेकानंद जयंती (युवा दिवस) के अवसर पर जिले की सभी शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं में भी सुबह 9 बजे से सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभाव को सुदृढ़ करना है।

यह आयोजन युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से जोड़ते हुए योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *